रुद्रपुर- 14 फरवरी को यानी कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर आज रामनगर कोतवाली में जैमर युक्त फॉर्च्यूनर कार पहुंच गई है। प्रधानमंत्री मोदी के आने से पहले बुधवार को पुलिस लाइन में सुरक्षा व्यवस्था में जुटे पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की एडीजी अशोक कुमार ने ब्रीफिंग की। इसके बाद पीएसी मैदान में बने हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल मोदी मैदान तक प्रधानमंत्री के आने की तैयारी को लेकर डेमो किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रुद्रपुर जनसभा के जरिए भाजपा तराई के हर वर्ग को साधने की तैयारी में है। पीएम के भाषण के लिए थारु सहित अन्य सभी वर्गों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। यह भी संभव है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मैजिक का सहारा मोदी लें । पीएम के भाषण में अटल के योगदान का भी उल्लेख हो सकता है। ‘अन्नदाता सुखी भवरू’ का संदेश देने के लिए किसानों से संबंधित घोषणाएं की जा सकती हैं।
