देहरादून- राजधानी देहरादून में नए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दस हजार रुपये का पहला बड़ा चालान कटा है। ये चालान उस समय कटा जब ड्राइवर शराब के नशे में टाटा मैजिक वाहन को चला रहा था। इतना ही नहीं चैकिंग के दौरान आठ सीटर वाले वाहन में 12 सवारियां बैठी थी। परिवहन विभाग की टीम ने ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। साथ ही वाहन को सीज कर दिया है। एआरटीओ अरविंद पांडेय ने बताया कि परिवहन विभाग की टीम ने मसूरी रूट और आसपास के क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया था इस दौरान यातायात नियम तोड़ने वाले 35 वाहनों के चालान काटे गए और एक वाहन को सीज किया गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने छह नंबर पुलिया की तरफ आ रहे टाटा मैजिक को रोककर चेकिंग की। चैकिंग में देखा गया कि वाहन ओवरलोड था। आठ सीटर वाले वाहन में 12 लोग बैठे थे और वाहन का ड्राइवर भी नशे में वाहन चला रहा था। ट्रैफिक पुलिस ने ड्राइवर को पकड़कर नेहरू कॉलोनी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने में जुर्माना तीन हजार रुपये से बढ़ाकर दस हजार रुपये कर दिया। परिवहन विभाग ने दस हजार रुपये का चालान कर निस्तारण के लिए न्यायालय को भेजा दिया है।