देहरादून- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में फिर से देवेंद्र फडणवीस ने शपथ लेने पर सूबे के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। साथ ही अजीत पवार को उपमुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। सीएम त्रिवेंद्र ने कहा कि नई सरकार महाराष्ट्र की विकास यात्रा को निरंतर जारी रखते हुए और तीव्र गति से प्रगति करेगी। बता दें कि महाराष्ट्र में सियासी रस्साकस्सी के बीच भाजपा ने बाजी मारते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ मिलकर सरकार बना ली है। देवेंद्र फडणवीस ने आज सुबह राजभवन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में दोबारा शपथ ली। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने एनसीपी के अजित पवार को भी उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने का सपना टूट गया। राज्यपाल ने फडणवीस सरकार को 30 नवंबर तक बहुमत साबित करने का समय दिया है।