प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के दौरे से लौटने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व वित्त मंत्री दिवंगत अरुण जेटली के घर पहुंचे। मंगलवार सुबह प्रधानमंत्री दिल्ली की कैलाश कालोनी स्थित आवास पर पहुंचे और अरुण जेटली के परिवार से मुलाकात की। पीएम मोदी ने यहां अरुण जेटली की पत्नी, बेटी और बेटे से मुलाकात की और सांत्वना प्रकट की। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह भी उनके साथ मौजूद रहे।
बता दें कि अरुण जेटली का लंबी बीमारी के बाद 23 अगस्त को दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया था। जब उनका निधन हुआ तो प्रधानमंत्री मोदी देश से बाहर थे, उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से अरुण जेटली के परिवार से बात की थी। पीएम मोदी सोमवार देर रात को ही तीन देशों के दौरे से वापस दिल्ली लौटे हैं और अब आज सुबह वह अरुण जेटली के परिवार से मिलने पहुंचे।