देहरादून- डीआईजी देहरादून अरूण मोहन जोशी ने आम जनता के साथ अभद्र व्यवहार करने के मामले में एक उपनिरीक्षक और दो कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है उन्होंने आम जनता के साथ शालीनता से पेश आने और कार्यप्रणाली में सुधार लाने के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश भी दिये। दरअसल, पहला मामला ऋषिकेश का सामने आया जहां मास्क न पहनने पर पुलिस दो सिपाही इतने उग्र हो गए कि एक युवक को जमीन पर लेटाकर लात घूसों से मारना शुरू कर दिया। वहीं दूसरा मामला देहरादून के नेहरू कॉलोनी का सामने आया जहां दरोगा की जबान इतनी फिसल गई कि उन्होंने मास्क न पहनने पर एक व्यक्ति को उनके परिवार के सामने ही गालियां दे डाली। इन दोनों ही घटनाओं का वीडियो कप्तान अरूण मोहन जोशी के हाथ लग गया। इस पर कप्तान अरूण मोहन जोशी ने तीनों पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करते हुए विभागीय जांच बैठा दी। वहीं डीआईजी अरूण मोहन जोशी ने सीधे शब्दों में ये भी कहा कि भविष्य में किसी की ऐसी कोई शिकायत आई तो थाना प्रभारियों पर गाज गिरेगी।