पिथौरागढ़ – पिथौरागढ़ जिलाधिकारी आशीष चैहान द्वारा वीडियो कान्फ्रासिंग रूम में गर्भवती महिलाओं के लिए बनाये गये काब्या ऐप के संबंध में बैठक ली गई। जिसमें डीआईओ एनआईसी गौरव विष्ट के द्वारा ऐप के संबंध में बताया गया कि जनपद अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से कब्या ऐप का निर्माण किया गया है।
इस ऐप पर वर्तमान में जनपद की कुल 56 गर्भवती महिलाएं पंजीकृत है, जिसके माध्यम से गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी वर्तमान स्थिति और डाक्टर, एएनएम और आशा आदि द्वारा गर्भवती महिला को किन-किन स्वस्थ्य सेवा का लाभ दिया जा रहा है आदि जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। इस पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट को समय-समय पर अपडेट करने तथा एएनएम और आशा द्वारा गर्भवती महिलाओं से कितनी बार स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली गयी आदि रिपोर्ट भी तिथिवार अंकित करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि प्रसव उपरांत संबंधित महिला द्वारा ही फीडबैक रिपोर्ट अंकित की जायेगी न कि चिकित्सालय कार्मिक द्वारा। इसके साथ यह भी निर्देश दिये गये कि अस्पताल के अंदर प्रत्येक बार्ड में फीडबैक रिपोर्ट पीड़ित गर्भवती महिला द्वारा ही भरी जायेगी संबंधित फ्लैक्सी/स्टीकर आदि भी चस्पा किया जायेगा। इसके अतिरिक्त फीडबैक रिपोर्ट देने वाली मरीज का दूरभाष नम्बर भी अंकित किया जाना आवश्यक है, ताकि मरीज से स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के बारे में उचित जानकारी प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी द्वारा महिला मेडिकल ऑफिसर, सीएमओ और एएमओ आदि को मिलाकर एक टास्क फोर्स बनाने और जनपद अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग से जुडे़ अधिकारियों/कर्मचारियों को अपने-अपने फोन में इस कब्या ऐप को डाउनलोड करने के भी निर्देश दिये गये। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पोर्टल में पंजीकृत डीडीहाट निवासी गर्भवती महिला नेहा जोशी और गंगोलीहाट निवासी गर्भवती महिला गीता देवी से दूरभाष के माध्यम से वार्ता की और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को जाना, जिस पर डीएम द्वारा सीएमओ तथा महिला चिकित्साधिकारी से कहा गया कि जनपद अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके अतिरिक्त यदि किसी महिला को रेफर करने की आवश्यकता है तो शीघ्र सूचित करने के भी निर्देश दिये।


