
प्रदेश में खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बगावती बयानबाजी के बाद सरकार की चुप्पी तो नहीं टूटी, लेकिन संगठन ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है. कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात के बाद प्रदेश भाजपा ने खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की बगावती बयान बाजी को अनुशासनहीनता की संज्ञा करार दिया है. हालांकि अभी तक भाजपा की ओर से कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को कोई नोटिस नहीं जारी किया गया है. लेकिन भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल द्वारा कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन प्रकरण को लेकर जांच शुरू कर दी गई. प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल समाचार पत्रों में दिए गए बयान बार मीडिया में दिए गए बयानों के वीडियो फुटेज को देख कर जांच कर रहे हैं. माना जा रहा है कि जांच में अगर कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन दोषी पाए जाते हैं तो उनको कारण बताओ नोटिस जारी किया जा सकता है. हालांकि कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की तरफ से यह बात कही गई है कि वह अपनी समस्या को प्रदेश नेतृत्व और मुख्यमंत्री के सामने रख चुके हैं और जब उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तब उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का दरवाजा खटखटाया है. गौरतलब है कि हरीश रावत सरकार में बगावत करने वाले विधायकों में खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन भी शामिल थे. जिनके बगावत करने के कारण हरीश रावत सरकार 18 मार्च को गिर गई थी.
