Homeराज्यउत्तर प्रदेशकोविड-19 प्रबंधन हेतु गठित टीम-09 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देश...

कोविड-19 प्रबंधन हेतु गठित टीम-09 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देश…

● प्रदेश में कोरोना महामारी की स्थिति हर दिन के साथ और नियंत्रित होती जा रही है। वायरस अब कमज़ोर पड़ चुका है, लेकिन संक्रमण का खतरा अब भी बना हुआ है। बीते 24 घंटों में 2,89,943 सैम्पल जांचे गए, जिसमें सवा लाख सैम्पल आरटीपीसीआर माध्यम से टेस्ट किये गए। इसी अवधि में संक्रमण के 468 नए केस सामने आए हैं और 1,221 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं। इससे पहले, 21 मार्च को एक दिन में 500 से कम केस आये थे। वर्तमान में 8,986 केस एक्टिव हैं। बीते 24 घंटों में कुल पॉजिटिविटी दर मात्र 0.2% रही, जबकि रिकवरी दर 98.2% हो गई है। कोरोना महामारी के बीच अब तक 16 लाख 71 हजार 852 प्रदेशवासी कोविड संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।

● प्रदेश में कोविड टीकाकरण सुचारू रूप से चल रहा है। पिछले 12 दिनों में लगभग 46 लाख लोगों ने टीका-कवर प्राप्त किया है। बीते 24 घंटों में 18 से 44 आयु वर्ग के 2,35,683 लोगों सहित 04 लाख 58 हजार से अधिक लोगों ने वैक्सीन कवर लिया है। अब तक प्रदेश में 02 करोड़ 29 लाख 35 हजार 815 डोज लगाई जा चुकी है। हमें अगले माह से प्रतिदिन 10-12 लाख वैक्सीन डोज लगाने के लक्ष्य के सापेक्ष तैयारी करनी होगी। कोल्ड चेन को व्यवस्थित रखते हुए इस संबंध में सभी जरूरी तैयारी समय से पूरी कर ली जाएं।

● किसानों के हित संरक्षण को सुनिश्चित करते हुए गेहूं खरीद 15 जून के बाद भी जारी रखने की जरूरत है। जब तक किसान आएंगे, गेहूं खरीद जारी रहेगी। कोरोना महामारी के बीच इस वर्ष गेहूं खरीद में उतर प्रदेश ने नया कीर्तिमान रचा है। 10 लाख से अधिक किसानों को सीधा लाभ हुआ है। साथ ही, 72 घंटे के भीतर भुगतान भी सुनिश्चित कराया जा रहा है। इन व्यवस्थाओं की हर दिन मॉनीटरिंग की जाएं।

● कोविड महामारी के कारण इस बार माध्यमिक शिक्षा परिषद के 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं रद कर दी गई हैं। स्थिति सामान्य होने पर इन बच्चों को अंकसुधार का अवसर भी दिया जाए। कोई मेरिट न जारी किया जाए। परीक्षाफल तैयार करने की विस्तृत नियमावली से बच्चों/अभिभावकों को यथाशीघ्र अवगत करा दिया जाए।

● प्राविधिक शिक्षण संस्थानों में सुविधानुसार ऑनलाईन परीक्षा कराई जानी चाहिए। उच्च शिक्षण संस्थानों में 31 अगस्त तक परीक्षाफल जारी कर सितंबर के दूसरे पखवारे से नवीन शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की जानी चाहिए। सम्बंधित विभागों द्वारा छात्रों को प्रोन्नत करने के फार्मूले और परीक्षा आयोजन की विधि सहित सभी नियमों के बारे में विस्तृत जानकारी जल्द से जल्द जारी कर दिया जाए।

● बेहतर होती स्थिति के बीच लगातार प्रयासों से ऑक्सीजन की मांग और आपूर्ति सामान्य हो गई है। इसके साथ ही, भविष्य के दृष्टिगत सभी भी तरह की चुनौतियों के लिए तैयारी की जा रही है। ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना का कार्य तेजी से चल रहा है। कुल स्वीकृत 427 ऑक्सीजन प्लांट में से 87 प्लांट क्रियाशील हो चुके हैं। प्लांट स्थापना कार्यों की सतत मॉनीटरिंग की जाए।

● प्रदेश में कोविड संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है। स्थिति सामान्य हो रही है, लेकिन हमें यह समझना होगा कि वायरस कमजोर हुआ है, खत्म नहीं हुआ। संक्रमण कम हुआ है, पर जरा सी लापरवाही संक्रमण को फिर बाधा सकती है। सभी लोग मास्क, सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंसिंग जैसे कोविड बचाव के व्यवहार को जीवनशैली में शामिल करें। बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। भीड़ से बचें। पुलिस बल सक्रिय रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular