देहरादून – यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले की आग अब विधानसभा तक पहुंच गई है। विधानसभा में अपने चहेतों भाई भतीजावाद रिश्तेदारों और करीबियों को नौकरी देने के मामले में गिरे कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल व भाजपा सरकार में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और मौजूदा वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा की गई नियुक्तियों का मामला दिनों दिन तूल पकड़ता जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जहां पत्र लिखकर मौजूदा विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी से निष्पक्ष जांच की मांग की है तो वहीं कांग्रेस ने भी आज विधानसभा के गेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान विधानसभा के गेट के बाहर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
कांग्रेस ने मांग की है कि यह तय है कि नियुक्तियों में घोटाला हुआ है और अब नैतिकता के आधार पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं कांग्रेस ने मामले में हाई कोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की है।