
आज से दिल्ली मेट्रो का सफर आपको महंगा पड़ने वाला है, अब फिर से किराये में बढ़ोतरी का ऐलान हो गया है। दिल्ली सरकार और डीएमआरसी के बीच लंबे समय से किराया बढ़ोतरी को लेकर खींचतान चल रही थी। बता दें कि एक ही साल में दो बार मेट्रो का किराया बढ़ा है। अब मेट्रो का सफर करना 50 फीसदी तक महंगा हो जाएगा। छोटी दूरी की यात्रा पर पांच रुपये और लंबी दूरी की यात्रा पर 10 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे।
किराया बढ़ाने के विरोध में कल कई मेट्रो स्टेशनों के बाहर एनएसयूआई ने प्रदर्शन किया। इधर, दिल्ली सरकार भी इस फैसले से नाखुश नजर आ रही है। डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का कहना है कि, ऐसे ही चला तो मेट्रो एक दिन डूब जाएगी। पहली ही बढ़ोतरी में डेढ़ लाख यात्री कम हुए हैं। मेट्रो को रियल एस्टेट में काम करना चाहिए ताकि नुकसान को कम किया जा सके। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने यह बयान सोमवार को विधानसभा में दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र व भाजपा इस किराये को बढ़ाने की साजिश रच रहे हैं, जबकि वक्त की जरूरत है कि किराये को कम किया जाए।
बता दें कि जहां दिल्ली सरकार लगातार किराया वृद्धि का विरोध कर रही, तो वहीं शहरी विकास मंत्री ने मेट्रो के सही संचालन के लिए किराया बढ़ाने को सही बताया है। वहीं, सोमवार को डीएमआरसी ने बैठक के बाद बढ़ा किराया लागू करने पर मुहर लगा दी गई।
