देहरादून- उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने सवाल उठाया कि 11 बजे पहले राज्यपाल का अभिभाषण कैसे शुरू हुआ। राज्यपाल का अभिभाषण करीब 10.55 पर शुरू हुआ था। उन्होंने सदन की परंपरा तोड़ने का आरोप लगाया। वहीं हरिद्वार जिले में हुए जहरीली शराब कांड को लेकर विपक्ष ने हंगामा कर दिया। साथ ही शराब कांड पर विपक्ष ने आबकारी मंत्री के इस्तीफे की मांग भी की। जिसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार कर विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया और कांग्रेसी विधायक धरने पर बैठ गए। हंगामे के बीच ही राज्यपाल ने अपना अभिभाषण पूरा किया। इसके बाद अध्यक्ष ने तीन बजे तक सदन को स्थगित कर दिया। तीन बजे बाद एक बार फिर सदन की कार्यवाही शुरू हुई। लेकिन विपक्ष अपनी बात पर अड़ा रहा। जिसके बाद विधानसभा सदन मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
