देहरादून- उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं, बुधवार को नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जिसको देखते हुए सभी डीएम और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक अगले 72 घंटों में दक्षिणी पश्चिमी मानसून प्रदेश के विभिन्न इलाकों में रफ्तार पकड़ेगा। वहीं, देहरादून, उधमसिंहनगर, नैनीताल आदि जिलों में 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की भी संभावना है। आंधी के साथ तेज बारिश भी आएगी। बताया कि बुधवार को नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और टिहरी आदि जिलों में भारी बारिश हो सकती है। जबकि चार और पांच जुलाई को राज्य के अधिकांश जिलों में तेज बारिश के संकेत मिले हैं। बताया कि इस संबंध में सभी डीएम और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। सभी को चेतावनी जारी कर दी गई है। लोगों को भी पहाड़ी इलाकों में सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।


