देहरादून- प्यार करने वालों के लिए इस बार वेलेंटाइन डे और भी रोमांटिक हो जाएगा, क्योंकि इस दिन कुदरत प्यार करने वालों के जश्न में चार चांद लगाएगी। उत्तराखंड में दो दिन बाद मौसम फिर करवट बदल सकता है। 14 और 15 फरवरी को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में ओलावृष्टि के साथ बारिश के आसार हैं। जबकि तीन हजार मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने की संभावना है।
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते दो दिन बारिश की संभावना बन रही है। 13 फरवरी से ही कई जगहों पर बारिश के साथ ही उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। 14 फरवरी को मैदानी क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ झमाझम बारिश की संभावना है।
