देहरादून- उत्तराखंड पिछले तीन दिनों से बढ़ी ठंड से आज भी राहत नहीं मिल रही है। उत्तराखंड के लगभग अधिकतर इलाकों में आज भी बारिश जारी है। वहीं आज तड़के राजधानी देहरादून में गरज के साथ बारिश हुई। सुबह दस बजे बाद अचानक देहरादून में मूसलाधार बारिश होने लगी। चारधाम, औली सहित राज्य की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं हैं। आज भी यहां बर्फबारी हुई है। राज्य में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी खूब बर्फबारी हो रही है। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ सहित राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में वादियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। बुधवार को पर्वतीय इलाकों में हिमपात और मैदानी इलाकों में घना कोहरा रहने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने शीत दिवस की भी चेतावनी जारी की है।