
देहरादून समेत उत्तराखंड के बाकि राज्यों में गुरूवार से ही मौसम का मिजाज़ बदल गया। गुरूवार तड़के बारिश के साथ ही पहाड़ी इलाकों में बर्फ गिरी। तो वहीं आज यानि शुक्रवार को भी मौसम का यही हाल बरकरार है। मैदानी क्षेत्रों में आज सुबह से ही बारिश हो रही है तो वहीं बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्रीधाम में जमकर बर्फबारी हो रही है। नई टिहरी, धनोल्टी सहित जिले के दूसरे ऊंचाई वाले इलाकों में जबरदस्त ठंड भी बढ़ गई है। उधर यमुनोत्रीधाम के खरशाली, नारायणपुरी, जानकीचट्टी, फूलचट्टी क्षेत्र में शुक्रवार को बर्फबारी हुई है।
कुमाऊं में भी ठंडा हुआ मौसम
अल्मोड़ा में गुरुवार रात से बारिश जारी है। ये बारिश का लगातार तीसरा दिन है। अभी भी बादल छाए हैं। तेज ठंडी हवाएं चल रहीं हैं। पिथौरागढ़ में धूप खिली है। चौखुटिया में रात से बारिश जारी है, कृषकों को गेंहू कटाई में दिक्कत हो रही है। रुद्रपुर में मौसम साफ है। नैनीताल में रात में बारिश थी, अभी बादल छाए हैं। लोहाघाट में बूंदाबादी हुई, चंपावत में बादल छाए हैं। द्वाराहाट में रात में जमकर बारिश हुई। अभी भी घने बादलों के साथ गर्जना व हल्की बारिश हो रही है।
मसूरी में हुई ओलावृष्टि
मसूरी, धनोल्टी सहित आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को भी भारी ओलावृष्टि हुई है। धनोल्टी और मसूरी ओलों से पूरी तरह से सफेद हो गए। दोनों शहरों में बर्फ की तरह ओलावृष्टि हुई है, जिससे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड हो गई है। साथ ही भारी ओलावृष्टि से फसलों को बड़ा नुकसान हुआ है। पर्यटन नगरी धनोल्टी में दूसरे दिन भी बर्फ की तरह ओलावृष्टि हुई है। पूरा धनोल्टी ओलों से सफेद हो गया है। धनोल्टी में करीब तीन इंच तक ओला पङे है, जिससे फसलों को भारी नुकसान हुआ है।