Homeराज्यउत्तराखण्डआरएसएस के सह कार्यवाह ने संगठन व सरकार के साथ की बैठक,...

आरएसएस के सह कार्यवाह ने संगठन व सरकार के साथ की बैठक, लोकसभा चुनाव पर हुई चर्चा, बनाई रणनीति।

देहरादन – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने देहरादून में प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन की नब्ज टटोली। वह सरकार और संगठन के मध्य समन्वय को लेकर आयोजित बैठक की समीक्षा करने पहुंचे थे।

बीजापुर स्थित राज्य अतिथि गृह में हुई इस बैठक में प्रदेश सरकार के विकास के भावी रोडमैप और नीतियों के अलावा पार्टी के भावी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई और इन्हें प्रभावी बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा चुनाव की दृष्टि से इस समन्वय बैठक को खासा अहम माना जा रहा है।

करीब एक घंटे चली बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली से पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम खासतौर पर पहुंचे थे। बैठक में शामिल होने के बाद वह दिल्ली लौट गए। बैठक में सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार के अलावा पार्टी के दो अन्य प्रदेश महामंत्री भी शामिल हुए।

बैठक में समान नागरिक संहिता के संबंध में चर्चा

सूत्रों के अनुसार, सह सरकार्यवाह ने सरकार के कामकाज की रिपोर्ट ली। सीएम ने उन्हें दिसंबर में प्रस्तावित वैश्विक निवेशक सम्मेलन और उसके लिए निवेश जुटाए जाने के अब तक प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने सरकार की उन योजनाओं की जानकारी भी साझा की, जिनके बारे में सरकार होमवर्क कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में समान नागरिक संहिता के संबंध में चर्चा हुई।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संगठन स्तर पर चलाए जा रहे कार्यक्रमों में अब तक की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने भावी कार्यक्रमों को लेकर सांगठनिक तैयारियों को भी साझा किया। बताया जा रहा कि बैठक में लोकसभा की पांचों सीटों पर संगठन की अब तक कार्ययोजना पर भी मंथन हुआ। कार्ययोजना को और प्रभावी बनाने के लिए कुछ और सुधार करने पर सहमति बनीं।

अध्यक्ष बोले, समन्वय के लिए ऐसी बैठकें होना सामान्य बात

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक के संबंध में सिर्फ इतना ही कहा, यह सामान्य बात है। समय-समय पर ऐसी बैठकें होती हैं। बैठक में लोकसभा चुनाव के संबंध में कोई भी चर्चा होने से उन्होंने इन्कार किया।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular