देहरादून- राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में अभिमन्यू क्रिकेट एकेडमी के मालिक के घर हुई लूट के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। बदमाशों के अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है। राजपुर थाना क्षेत्र के मैक्स हास्पिटल के समीप रहने वाले अभिमन्यू क्रिकेट एकेडमी के मालिक आर पी ईश्वरन के घर बदमाशों द्वारा 22 सितम्बर की रात लूट पाट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस वारदात में लुुटेरे लाखों की नगदी व जेवरात लूट ले गये थे। बताया जा रहा है कि बदमाशों द्वारा इतने शातिराना ढंग से इस लूट को अंजाम दिया गया था कि पुलिस भी हैरत में थी। बदमाशों ने इस लूट के दौरान पकड़े जाने के डर से मोबाइल का भी इस्तेमाल नहीं किया। मामले की जांच में जुटी पुलिस को इस दौरान काफी मशक्कत के बाद पता चला कि इस लूट में शामिल लुटेरे गाजियाबाद और दिल्ली में छिपे हुए है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने बताये गये स्थान पर छापेामारी करते हुए तीन लुटेरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिनसे पुलिस ने लूट में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। बताया जा रहा है लुटेरों के कुछ अन्य साथी फरार है जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।