Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड में बदलने लगा मौसम का मिजाज, सुबह-शाम पड़ रही कड़ाके की...

उत्तराखंड में बदलने लगा मौसम का मिजाज, सुबह-शाम पड़ रही कड़ाके की ठंड, कोहरे का अलर्ट जारी।

देहरादून – उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच बादलों की आमद ने कंपकंपी बढ़ा दी है। मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव से समूचा प्रदेश ठिठुर गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक शाम को कड़ाके की ठंड महसूस की जाने लगी है। हालांकि, वर्षा-बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला और मैदानी हिस्सों में कोहरा परेशानी का कारण बन सकता है। ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में कमी आने की संभावना है। जिससे सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।

आसमान में मंडराने लगे बादल

बीते कुछ दिनों से उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क है और चटख धूप खिल रही है। हालांकि, शुक्रवार को देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली। आसमान में बादल मंडराने लगे और सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई। पहाड़ से लेकर मैदान तक शाम को तापमान में तेजी से गिरावट आने से कड़ाके की ठंड महसूस की जाने लगी है।

हिमपात से बढ़ गई ठिठुरन

कुछ दिन पूर्व चारधाम समेत अन्य चोटियों पर हुए हिमपात के बाद से प्रदेशभर में सर्द हवाओं का दौर जारी है। सप्ताह भर में प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है।

मध्यम कोहरा छाने की चेतावनी जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिली रह सकती है। पहाड़ में पाला और मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का प्रकोप बढ़ सकता है। खासकर ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में मध्यम कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। अधिकतर क्षेत्रों में तापमान में तेजी से गिरावट आने के आसार हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular