VIKASNAGAR: कानून व्यवस्था को सख्त बनाए रखने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के आदतन अपराधी जावेद उर्फ अंडा को जिला बदर कर दिया गया। इस कार्रवाई को सार्वजनिक रूप से ढोल-नगाड़ों और लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी कर अंजाम दिया गया, ताकि आम जनता के बीच एक स्पष्ट संदेश पहुंचे कि आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली विकासनगर की बड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी के आदेश पर गुंडा अधिनियम की धारा 3(1) के तहत आरोपी को 6 माह के लिए देहरादून जिले की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन द्वारा पहले ही इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट को भेजी गई थी, जिसमें आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसकी गतिविधियों का उल्लेख किया गया था। आदेश जारी होने के बाद पुलिस ने पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी को जिला सीमा से बाहर किया।
कुख्यात अपराधी जावेद उर्फ अंडा 6 महीने के लिए जिला बदर
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम आरोपी को डाकपत्थर बैराज के पास खोदरी बॉर्डर तक लेकर गई और वहां से उसे हिमाचल प्रदेश की सीमा में भेज दिया गया। इस दौरान पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से यह भी घोषणा की कि यदि निर्धारित 6 माह की अवधि में आरोपी दोबारा देहरादून की सीमा में पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया कानून के तहत और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराएं शामिल हैं। क्षेत्र में उसकी छवि एक सक्रिय अपराधी की रही है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में ऐसे आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है, ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
