देहरादून: उत्तराखंड पुलिस के निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार मलिक का सड़क दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक वो वर्तमान में अभिसूचना इकाई देहरादून में तैनात थे। सड़क हादसे में घायल होने के बाद उन्हें उपचार के लिए मेरठ के आनंदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 14 मार्च 2026 की रात इलाज के दौरान उनका आकस्मिक निधन हो गया।
एसएसपी देहरादून ने जताया गहरा शोक
निरीक्षक के निधन की खबर मिलने के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद घटना पर प्रमेद्र डोभाल (एसएसपी देहरादून) ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।
सौम्य स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के लिए थे प्रसिद्ध
धर्मेंद्र कुमार मलिक अपने शांत और शालीन व्यवहार के लिए पुलिस विभाग में पहचाने जाते थे। साथ ही वे अपने कर्तव्यों के प्रति बेहद संवेदनशील और पूरी निष्ठा के साथ काम करने वाले अधिकारी माने जाते थे। सहकर्मियों के बीच भी वे अपनी कार्यशैली और व्यवहार के कारण काफी सम्मानित थे।
2001 में कांस्टेबल के रूप में हुई थी भर्ती
बताया गया कि धर्मेंद्र कुमार मलिक वर्ष 2001 में उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। लंबे समय तक सेवा देने के बाद वर्ष 2025 में उन्हें पदोन्नति देकर निरीक्षक बनाया गया था। वे मूल रूप से रुड़की क्षेत्र के रहने वाले थे। निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मलिक के असामयिक निधन से पुलिस विभाग और उनके परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है।


