Homeराज्यउत्तराखण्डतुषार शर्मा मर्डर केस: मुख्य आरोपी के बाद दो और नामजद आरोपियों...

तुषार शर्मा मर्डर केस: मुख्य आरोपी के बाद दो और नामजद आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

खटीमा में तुषार शर्मा हत्याकांड, पुलिस की सख्ती जारी, दो और आरोपी गिरफ्तार

खटीमा : उधम सिंह नगर के सीमांत क्षेत्र खटीमा में हुए तुषार शर्मा मर्डर केस के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने नामजद आरोपियों गुफरान और समीर को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस सनसनीखेज मामले के मुख्य आरोपी हाशिम को खटीमा कोतवाली पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में तलाश जारी है।

तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

दरअसल, हत्याकांड में मृतक तुषार शर्मा के पिता मनोज शर्मा की तहरीर पर मुख्य आरोपी हाशिम सहित गुफरान, समीर, पप्पू चाय वाला, शहबाज और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शुरू से ही सख्त रुख अपनाया।

रोडवेज बस स्टेशन के पास हुई थी वारदात

गौरतलब है कि खटीमा कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस स्टेशन के समीप 12 दिसंबर 2025 की रात मारपीट की एक घटना सामने आई थी। इस झगड़े में तुषार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, इस घटना में सलमान और अभय उर्फ बाबू भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुईं विशेष टीमें

इसके बाद 13 दिसंबर 2025 को मनोज शर्मा की तहरीर के आधार पर थाना खटीमा में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं, ताकि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार

लगातार दबिशों के बीच 13 दिसंबर की देर रात कस्बा झनकट क्षेत्र में ईंट भट्टे के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी हाशिम को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर उप कारागार हल्द्वानी भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना से दो और आरोपी दबोचे गए

इसी कड़ी में 15 दिसंबर 2025 को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मजगमी पुल के पास सितारगंज रोड से अभियुक्त गुफरान (20 वर्ष) और समीर उर्फ मैरी (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

संपत्ति की जांच भी शुरू, सख्त संदेश

वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही, इस हत्याकांड में शामिल अभियुक्तों की चल और अचल संपत्तियों की भी गहन जांच शुरू कर दी गई है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अपराध में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular