Homeराज्यउत्तराखण्डसड़क के दोनों ओर जंगल जलने से धुएं का गुबार, सड़कों पर...

सड़क के दोनों ओर जंगल जलने से धुएं का गुबार, सड़कों पर आए जानवर, आग को विकराल होता देख ट्रैफिक किया गया डायवर्ट।

नैनीताल – रामपुर रोड स्थित बेलबाबा के पास टांडा के जंगल में बुधवार दोपहर आग लग गई। सड़क के दोनों ओर जंगल जलने से धुएं के गुबार के चलते हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात रोकना पड़ा। आग को विकराल होता देख ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद जंगल के अंदर आग पर पूरी काबू नहीं पाया जा सका था। वनाग्नि में आठ हेक्टेयर जंगल जलने की बात सामने आ रही है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर 1:30 बजे तराई केंद्रीय वन प्रभाग के भाखड़ा रेंज के अंतर्गत हल्द्वानी-रामपुर हाईवे पर स्थित एस मोड़ के पास सड़क के दोनों ओर स्थित जंगल धू-धू कर जलने लगे। वन विभाग की भाखड़ा रेंज की टीम ने आग बुझाना शुरू किया लेकिन तेज हवाओं ने हल्द्वानी रेंज के जंगल को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग को बढ़ता देख वनकर्मियों ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी।

डीएफओ उमेश चंद्र तिवारी ने पुलिस को सूचना देते हुए हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग की। सूचना पर टीपीनगर चौकी प्रभारी दीपक बिष्ट फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने रुद्रपुर से आने वाले वाहनों को पत्थरचट्टा सैनिकफार्म और हल्द्वानी से जाने वाले वाहनों को गन्ना सेंटर से लालकुआं की ओर डायवर्ट किया। इस दौरान मौके पर कुछ देर तक जाम भी लगा रहा।

इसी बीच दमकल के दो वाहन भी आग बुझाने के लिए पहुंचे। वानाग्नि के चलते लगभग दो घंटे तक हाईवे पर यातायात ठप रहा। सड़क किनारे की आग बुझाने के बाद शाम चार बजे हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी। खबर लिखे जाने तक वन विभाग की टीम जंगल के भीतर की ओर आग बुझाने में जुटी हुई थी।

यहां भी सुलगते रहे जंगल
नैनीताल जिले में कई और स्थानों पर भी बुधवार को जंगल सुलगते रहे। वन संरक्षक पश्चिमी वृत डॉ. विनय भार्गव की ओर से जारी वनाग्नि बुलेटिन के मुताबिक बुधवार को तराई केंद्रीय वन प्रभाग के पीपलपड़ाव के जंगल में आग लगने से 4.1 हेक्टेयर जंगल जल गया। भांखड़ा रेंज के मोतिया लाइन बीट और रामनगर वन प्रभाग के कोटा रेंज के परेवा कक्ष संख्या छह में भी आग लगी। सूचना पर वन विभाग ने आग पर काबू पाया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular