Homeराज्यउत्तराखण्डहल्द्वानी में हुई हिंसा का नैनीताल के पर्यटन पर पड़ा असर, सैलानियों...

हल्द्वानी में हुई हिंसा का नैनीताल के पर्यटन पर पड़ा असर, सैलानियों ने कैंसिल कराई 50 फीसदी एडवांस बुकिंग।

नैनीताल – हल्द्वानी में हुई हिंसा और कर्फ्यू का असर नैनीताल के पर्यटन पर पड़ा है। होटल और रिजॉर्ट में सप्ताहांत और वैलेंटाइन वीक के लिए जिन सैलानियों ने एडवांस बुकिंग कराई थी वे उसे कैंसिल करने लगे हैं। होटल संचालकों के अनुसार करीब 50 फीसदी एडवांस बुकिंग कैंसिल हो गई है।

उत्तराखंड से बाहर के सैलानी होटल कारोबारियों से हिंसा और कर्फ्यू का अपटेड भी ले रहे हैं। शुक्रवार को शहर और यहां के पिकनिक स्पाटों में सैलानियों की आवाजाही कम रही। ऐसे में इस सप्ताहांत (शनिवार व रविवार) के साथ-साथ वैलेंटाइन वीक का पर्यटक सीजन प्रभावित होने के आसार हैं। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि अब नहीं लगता कि सप्ताहांत और वैलेंटाइन के मौके पर सैलानी नैनीताल पहुंचेंगे।

कम आए सैलानी
नैनीताल माल रोड स्थित चुंगी के संचालक राजेश वर्मा ने बताया कि हल्द्वानी में हुई हिंसा की खबर सुर्खियों में रही है। जिसका असर यह हुआ कि वीकेंड पर नैनीताल आने वाले सैलानी इस बार नहीं आए। बृहस्पतिवार को चुंगी से दो से ढाई सौ गाड़ियां पास हुई थी जबकि शुक्रवार को यह संख्या बमुश्किल सौ का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई।

कैंसिल हो रही है बुकिंग
नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि हल्द्वानी की हिंसा ने वीकेंड और वैलेंटाइन वीक का पर्यटन कारोबार ठप कर दिया है। चौबीस घंटे में नैनीताल के होटलों में 50 फीसदी एडवांस बुकिंग कैंसिल हो चुकी है। नहीं लगता कि ऐसे में सैलानी नैनीताल आना पसंद करेंगे।

नैनीताल के होटल कारोबारी राजकुमार गुप्ता ने बताया कि उत्तराखंड से बाहर के सैलानियों ने बृहस्पतिवार की रात हल्द्वानी में कर्फ्यू लगने की खबर मिलने के बाद से ही होटलों में एडवांस बुकिंग कैंसिल करानी शुरू कर दी हैं। इस सप्ताहांत नैनीताल में पर्यटन कारोबार गति पकड़ेगा, ऐसी उम्मीद कम है।

होटल एसोसिएशन पंगोट नैनीताल के अध्यक्ष त्रिभुवन फर्त्याल ने बताया कि कुछ दिनों से पर्यटन कारोबार मंदा चल रहा था लेकिन बीते एक दो दिन से सैलानियों की आवाजाही बढ़ने लगी थी। हिंसा और कर्फ्यू की खबर मिलने के बाद जो सैलानी नैनीताल पहुंचे भी थे वे शुक्रवार की सुबह से ही लौटने लगे हैं। कई सैलानियों ने होटलों में एडवांस बुकिंग भी कैंसिल करा दी है।

भारी हिंसा के बाद शुक्रवार को शांत रहा शहर

बृहस्पतिवार को हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में हुई भारी हिंसा के बाद शुक्रवार को शहर शांत रहा। कर्फ्यू का संबंधित क्षेत्र में सख्ती से पालन कराया गया जबकि शेष शहर में वाहनों की आवाजाही होती रही और दुकानें बंद रहीं। दोपहर करीब 12 बजे मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और डीजीपी अभिनव कुमार बनभूलपुरा पहुंचे और थाने का जायजा लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular