Homeराज्यउत्तराखण्डअस्पताल से फरार बदमाश अंशुल को पुलिस ने फिर से दबोचा, एनकाउंटर...

अस्पताल से फरार बदमाश अंशुल को पुलिस ने फिर से दबोचा, एनकाउंटर में घायल हुआ था आरोपी….

रुड़की : हरिद्वार जिले के रुड़की में सिविल अस्पताल से फरार हुए बदमाश अंशुल को पुलिस ने दोबारा पकड़ लिया है। आरोपी को पुलिस ने बीती रात ही एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस मुठभेड़ में अंशुल के पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए रुड़की सिविल अस्पताल लाया गया था। लेकिन मंगलवार सुबह अंशुल घायल अवस्था में ही पुलिस को चकमा देकर अस्पताल की खिड़की से कूदकर फरार हो गया था।

जैसे ही आरोपी के फरार होने की सूचना अधिकारियों तक पहुंची, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार, 7 अप्रैल की देर रात भगवानपुर थाना क्षेत्र के कुंजा बहादुरपुर गांव में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान अंशुल के पैर में गोली लगी थी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया था।

घायल अंशुल को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन मंगलवार सुबह उसने खिड़की से छलांग लगाकर भागने में सफलता पा ली। घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुट गई थीं।

आखिरकार मंगलवार शाम को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला रोड से अंशुल को फिर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद अब पूछताछ की जा रही है, और आरोपी से उसके फरार साथी के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular