हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों को सबक सिखाने के लिए परिवहन विभाग ने कमर कस ली है।
परिवहन विभाग की सख्ती, हरिद्वार में 21 ई-रिक्शा सीज
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के कड़े निर्देशों पर जिलेभर में ई-रिक्शा और तिपहिया वाहनों के खिलाफ एक वृहद चेकिंग अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत विभाग की टीमों ने हरिद्वार-देहरादून मार्ग, सिडकुल, रानीपुर मोड़, रावली महदूद, चंडी चौक, बहादराबाद और एनएच-34 समेत प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन चेकिंग की।
अवैध रूप से वाहनों का संचालन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं
चेकिंग के दौरान ओवरलोडिंग, बिना वैध लाइसेंस, बिना बीमा, बिना परमिट और बिना टैक्स जमा किए सरपट दौड़ रहे वाहनों को रोककर कड़ी कार्रवाई की गई। मामले की जानकारी देते हुए एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन और अवैध रूप से वाहनों का संचालन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ यह दंडात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।