Saturday, March 28, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डएसएसपी नैनीताल की सख्ती – अनुशासनहीनता पर पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज ,...

एसएसपी नैनीताल की सख्ती – अनुशासनहीनता पर पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज , महिला दारोगा और ट्रैफिक कांस्टेबल निलंबित…..

नैनीताल : नैनीताल के एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा अपनी सख्त और निष्पक्ष कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। बेहतर पुलिसिंग और अनुशासन कायम रखने के लिए उन्होंने हाल ही में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक महिला दारोगा को निलंबित किया गया है, जबकि धार्मिक प्रकरण में पक्षपात करने पर एक ट्रैफिक कांस्टेबल को भी निलंबन का सामना करना पड़ा है।

एसएसपी मीणा ने जानकारी दी कि तल्लीताल थाना क्षेत्र की महिला इंस्पेक्टर बबीता ड्यूटी के दौरान लगातार अनुपस्थित पाई गईं और पूर्व में भी कार्य में लापरवाही के लिए चेतावनी दी जा चुकी थी। इसके बावजूद सुधार न होने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

दूसरी ओर, हल्द्वानी में तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल आकाश कुमार को राजपुर क्षेत्र में एक धार्मिक मामले में एक पक्ष का समर्थन करते हुए ट्रैफिक ड्यूटी छोड़कर कोतवाली पहुंचने पर निलंबित किया गया है। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने एसएसपी से शिकायत की थी, जिस पर जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।

एसएसपी मीणा ने सख्त शब्दों में कहा, “पुलिस सेवा में तैनात हर अधिकारी और कर्मचारी को पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। लापरवाही, गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार और पक्षपात किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा कि विभाग की गरिमा और जनता का विश्वास बनाए रखना सर्वोपरि है। सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में कोई भी कर्मचारी ड्यूटी में कोताही बरतता है, तो उसके विरुद्ध भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular