रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर समाने आई. काशीपुर रोड स्थित गाबा चौक के पास स्कूटी सवार तीन लोग घायल हालत में सड़क किनारे मिले. राहगीरों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक बच्ची समेत दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई है.
रुद्रपुर में दर्दनाक सड़क हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा गदरपुर रोड फ्लाईओवर के पास हुआ. दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार युवकों ने मानवता दिखाते हुए तीनों घायलों को तुरंत अपनी मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया. जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया. वहीं एक बच्ची और एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पुलिस कर रही ममाले की जांच
सूचना मिलते ही आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची. चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले हैं. इसके आधार पर मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर निवासी सुनील के रूप में हुई है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि दुर्घटना की असली वजह सामने आ सके.



