Saturday, March 28, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डरुद्रपुर: निजामगढ़ गांव में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो लोग...

रुद्रपुर: निजामगढ़ गांव में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो लोग गंभीर घायल

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र के निजामगढ़ गांव में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक झड़प का रूप ले लिया. एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है.

बच्चों के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा

जानकारी के मुताबिक, जसपुर कोतवाली क्षेत्र के निजामगढ़ गांव में बच्चों के बीच खेल के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. उस समय मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन बाद में उसी बात को लेकर बड़ों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.

लाठी-डंडों से हुआ हमला

आरोप है कि एक पक्ष के कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया. देखते ही देखते पूरा क्षेत्र रणक्षेत्र में बदल गया. घटना के दौरान महिलाएं भी मौके पर मौजूद थीं और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मारपीट में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है.

वायरल वीडियो से हरकत में आई पुलिस

घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एक पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है.

पुलिस मामले की जाँच में जुटी 

मामले को लेकर एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है. वीडियो में कुछ लोग मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि पतरामपुर चौकी प्रभारी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और जो भी व्यक्ति मारपीट में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular