विज़न 2020 न्यूज: बुधवार को रक्षाबंधन के लिए इकलौती बहन को मौसी के घर से बाइक पर लेकर आ रहे भाई के सामने ही एक ट्रक ने उसकी इकलौती बहन को कुचल दिया। आंखों के सामने बहन की मौत से भाई बदहवास है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि अकबरपुर ढांढेकी निवासी अक्षय (पुत्र गजेंद्र) की इकलौती छोटी बहन अंजलि (12 वर्ष) बहादराबाद स्थित मौसी के घर गई हुई थी। रक्षाबंधन को देखते हुए अक्षय मौसी के घर से बहन को बाइक पर बैठा कर वापस अपने गांव आ रहा था। मलकपुर चुंगी के समीप एक कार सवार ने अचानक खिड़की खोल दी। इससे बचने के लिए अक्षय ने ब्रेक लगाए तो पीछे बैठी बहन उछलकर सड़क पर गिर गई। इसी बीच पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। जिससे अंजलि की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंजलि का शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया। अंजली तीन भाइयों की इकलौती और छोटी बहन थी। अक्षय का रो-रोकर बुरा हाल है। वह एक ही बात दोहरा रहा है उसके हाथ पर अब कौन राखी बांधेगा।
भाई के सामने ट्रक ने रौंदा इकलौती बहन को
RELATED ARTICLES