देहरादून : सोमवार को हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के तत्वावधान में लोक भवन में एक दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोक भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य की समग्र जांच, परामर्श व आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल सुनिश्चित करना था।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं एवं रोगियों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिविर में मौजूद लोगों से भी संवाद कर उनके अनुभव जाने और चिकित्सकीय व्यवस्था की सराहना की।
शिविर में हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय संबद्ध राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर, राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार के मेडिसन, सर्जन, नाक, कान, गला, स्त्रीरोग और प्रसूती, चर्मरोग, बालरोग, पैथोलॉजी, दन्त रोग, हड्डी रोग, तथा नेत्र रोग विशेषज्ञताओं के कुल 18 विशेषज्ञों द्वारा विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में अत्याधुनिक एण्डोस्कोपी मशीन, एक्स-रे मशीन, मैमोग्राफी मशीन, पैप स्मीयर, आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। शिविर में कुल 335 मरीजों का परामर्श किया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ‘‘स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही अच्छे जीवन की आधारशिला है। लोक भवन परिवार का उत्तम स्वास्थ्य मेरी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब कार्मिक एवं उनके परिजन स्वस्थ होंगे, तभी वे पूरी क्षमता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।’’ राज्यपाल ने शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों एवं चिकित्सा स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विशेषज्ञता एवं समर्पण से लोक भवन परिवार को अत्यंत लाभ प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार के नियमित स्वास्थ्य शिविरों, निःशुल्क चिकित्सा परामर्श सत्रों एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा, जिससे समय पर रोगों की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित हो सके और लोक भवन परिवार निरोग और सशक्त बना रहे।