Homeराज्यउत्तराखण्डमसूरी विंटरलाइन कार्निवाल 2024 का धूमधाम से शुभारंभ , पांच दिन तक...

मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल 2024 का धूमधाम से शुभारंभ , पांच दिन तक होंगे रंगारंग कार्यक्रम….

मसूरी: मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल 2024 का उद्घाटन गुरुवार को लाइब्रेरी बाजार स्थित गांधी चौक में धूमधाम से हुआ। इस शानदार कार्निवाल का शुभारंभ जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने गुब्बारे उड़ाकर किया। यह पांच दिवसीय आयोजन 26 से 30 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें पर्यटकों के लिए कई रोमांचक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक देखने को मिलेगी।

मसूरी, अपनी प्राकृतिक सुंदरता के अलावा विंटरलाइन के अद्भुत नजारे के लिए भी प्रसिद्ध है, जो दिसंबर माह में पर्यटकों को आकर्षित करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह दृश्य विश्व में केवल स्विट्जरलैंड और मसूरी में ही देखा जा सकता है।

कार्निवाल के उद्घाटन के साथ-साथ जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह ने गोल्फ कार्ट सेवा, लोकल सिटी बस सेवा और शटल टैक्सी सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। इसके साथ ही, मालरोड पर पहाड़ी फूड फेस्टिवल का उद्घाटन भी किया गया, जिसमें दर्जनों स्टालों पर पर्यटकों को स्वादिष्ट पहाड़ी व्यंजन परोसे जा रहे हैं, जिन्हें पर्यटकों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है।

कार्निवाल में हर दिन सुबह आठ बजे से लेकर देर रात तक विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। 30 दिसंबर को यह कार्निवाल समाप्त होगा। कार्यक्रमों में मुख्य आकर्षण आईटीबीपी और सीआरपीएफ बैण्ड डिस्प्ले, स्टार गेजिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां, और आईटीबीपी के जवानों द्वारा मार्शल आर्ट कराटे का प्रदर्शन होगा।

रात्रि के कार्यक्रम नगर पालिका टाउनहॉल में होंगे, जिसमें जागर सम्राट बसंती बिष्ट, प्रीतम भरतवाण, लोक गायिका रेशमा शाह, लोक गायक किशन महिपाल, मिजाज बैण्ड, वरूण जैन, निखिल डिसूजा जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से सबको मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके अलावा, लोकगायक रजनीकांत सेमवाल, सन्नी दयाल, दीपक चमोली, प्रमिला नेगी ग्रुप, मनमोहन बधानी और वंदना मिश्रा द्वारा भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

27 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रमों में जॉर्ज एवरेस्ट में कार्टोग्राफी म्यूजियम की सैर, एस्ट्रो 3डी फिल्म प्रदर्शन, गढ़वाल टैरेस पर रात आठ बजे स्टार गेजिंग, और आईटीबीपी द्वारा रॉक क्लाइम्बिंग व मार्शल आर्ट का प्रदर्शन प्रमुख होंगे। गांधी चौक में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जबकि शहीद स्थल और लंढौर में भी कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल 2024, एक ऐसा आयोजन है जो न सिर्फ पर्यटकों को आकर्षित करता है, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर और पहाड़ी जीवनशैली को भी सामने लाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments