लक्सर: हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में ग्राम प्रधान के भाई की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. देर रात गोली चलने की आवाज के बाद कमरे में युवक का खून से लथपथ शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई.
हरिद्वार में प्रधान के भाई का शव मिला संदिग्ध अवस्था में
दरअसल, ग्राम प्रधान सहदेव सिंह का भाई नकुल कुछ समय से देहरादून में रह रहा था और हाल ही में गांव लौटा था. इसी बीच रात करीब दो बजे उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया. इसके बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे परिजन घबरा गए और तुरंत कमरे की ओर पहुंचे.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जब दरवाजा खोला गया तो नकुल जमीन पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला. ये दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
इस बीच पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी.



