गोपेश्वर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का जमकर विरोध प्रदर्शन, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे

GOPESHWAR NEWSचमोली: उत्तराखण्ड से राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के गोपेश्वर दौरे के दौरान माहौल गर्मा गया। उनके गोपेश्वर पहुँचने पर कांग्रेस और उक्रांद कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले का विरोध कर काले झंडे दिखाए।

गोपेश्वर में महेंद्र भट्ट का हुआ जमकर विरोध

दरअसल, सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करने के लिए जब महेंद्र भट्ट गोपेश्वर खेल मैदान की ओर जा रहे थे, तभी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे लोनिवि के आवास गृह से उनका काफिला रवाना हुआ। जैसे ही काफिला पीजी कॉलेज के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और “महेंद्र भट्ट गो बैक” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया।

उक्रांद और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर किया प्रदर्शन

विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। लेकिन, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। प्रदर्शन में उक्रांद के कार्यकर्ता भी शामिल रहे, जिससे विरोध और तेज हो गया।

विरोध के बाद कई कार्यकर्ताओं की हुई प्रतीकात्मक गिरफ़्तारी

विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस प्रवक्ता संदीप झिंक्वाण, धीरेंद्र गरोड़िया, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पुरोहित, नगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह बिष्ट और महेंद्र नेगी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। विरोध कर रहे कुछ कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी भी दी। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अपने साथ ले लिया और कार्यक्रम स्थल की ओर काफिले को रवाना कराया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here