Homeराज्यउत्तराखण्डरुद्रप्रयाग: 'वोकल फॉर लोकल' अभियान से सशक्त हो रहीं ग्रामीण महिलाएं, प्राकृतिक...

रुद्रप्रयाग: ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान से सशक्त हो रहीं ग्रामीण महिलाएं, प्राकृतिक तरीके से बना रहीं हर्बल कलर

रुद्रप्रयाग: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को  रुद्रप्रयाग जिले में निरंतर सफलता मिल रही है। इस अभियान के तहत स्थानीय महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद रुद्रप्रयाग में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्राकृतिक एवं हर्बल रंगों सहित होली की मिठाई गुजिया का निर्माण किया जा रहा है।

लोकल फॉर वोकल अभियान से सशक्त हो रहीं ग्रामीण महिलाएं

रुद्रप्रयाग जिले के जवाड़ी, कुमोली, मायकोटी, मेदनपुर एवं ऊखीमठ क्षेत्र के गांवों में महिलाएं प्राकृतिक संसाधनों से हर्बल रंग तैयार कर रही हैं। इन रंगों को जनपद मुख्यालय, आसपास के स्थानीय बाजारों तथा विकास भवन सहित हिलान्स आउट लेट के माध्यम से विक्रय हेतु उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे महिलाओं को स्वरोजगार का नया अवसर प्राप्त हो रहा है, वहीं रसायनयुक्त रंगों से दूर रहने का संदेश भी आमजन तक पहुँच रहा है।

नेचुरल तरीकों से बना रहे हर्बल कलर 

महिलाओं ने पालक से हरा रंग, हल्दी से पीला रंग, चुकंदर से गुलाबी एवं लाल रंग तथा गेंदा फूल से केसरिया रंग तैयार किए जा रहे हैं। इन प्राकृतिक रंगों की बाजार में अच्छी मांग देखने को मिल रही है, विशेष रूप से आगामी होली पर्व को देखते हुए।

स्वदेशी उत्पादों को मिलेगी पहचान 

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा समूह से जुड़ी  महिलाओं को प्राकृतिक रंग निर्माण का प्रशिक्षण प्रदान किया गया था। प्रशिक्षण उपरांत अब महिलाएं अपने-अपने गांवों में हर्बल रंगों का निर्माण कर रही हैं, जिससे उनकी आजीविका सशक्त हो रही है। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक अनूप कुमार, ने बताया कि प्राकृतिक रंगों के विक्रय से महिलाओं की आय में वृद्धि होगी तथा ये पहल स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

आमजनों से हर्बल कलर उपयोग करने की अपील 

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि होली पर्व पर स्वदेशी एवं प्राकृतिक रंगों का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्राकृतिक रंग निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया है। अब वे अपने गांवों में ही हर्बल रंग तैयार कर रही हैं। होली पर्व पर इन रंगों की बिक्री से महिलाओं की आजीविका और अधिक सशक्त होगी।”
हर्बल रंग बना रही संगीता ,मोनिका कप्रवाण निवासी , जवाड़ी गांव ने बताया कि हर्बल रंग बनाने से हमें घर बैठे रोजगार मिला है। लोग हमारे बनाए रंगों को पसंद कर रहे हैं और हमें अपनी मेहनत का अच्छा लाभ मिल रहा है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular