Homeराज्यउत्तराखण्डटिहरी जनपद में हेल्थ एटीएम की शुरुआत , स्वास्थ्य सुविधाओं में आएगा...

टिहरी जनपद में हेल्थ एटीएम की शुरुआत , स्वास्थ्य सुविधाओं में आएगा सुधार….

टिहरी : टिहरी जनपद में स्वास्थ्य विभाग अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए एक नई पहल शुरू करने जा रहा है। बैंक एटीएम और वाटर एटीएम की तर्ज पर, स्वास्थ्य विभाग टीएचडीसी इंडिया के सहयोग से जिले के तीन प्रमुख अस्पतालों में हेल्थ एटीएम स्थापित करने जा रहा है। पहले चरण में ये हेल्थ एटीएम जिला अस्पताल बौराड़ी नई टिहरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छाम-कंडीसौड़ और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी में लगाए जाएंगे। इन हेल्थ एटीएम से जनता को अप्रैल माह से लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हेल्थ एटीएम से स्वास्थ्य जांच होगी अब और भी आसान

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सरकार और टीएचडीसी इंडिया ने मिलकर टिहरी जिले के तीन अस्पतालों में हेल्थ एटीएम मशीनें स्थापित की हैं। इन मशीनों के संचालन के लिए अस्पताल के लैब टैक्नीशियनों को ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है। सीएमओ डॉ. श्याम विजय के अनुसार, हेल्थ एटीएम से अब किसी भी व्यक्ति की 80 प्रकार की पैथोलॉजी जांच चुटकी में की जा सकेगी, और इसके लिए उन्हें अस्पताल की लैब में जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

80 प्रकार की स्वास्थ्य जांच एक क्लिक पर

हेल्थ एटीएम में मरीज को अपना नाम, आधार नंबर और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी फीड करनी होगी। इसके बाद वह किस प्रकार की पैथोलॉजी जांच कराना चाहता है, यह भी फीड करना होगा। इसके बाद संबंधित जांच रिपोर्ट तुरंत स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगी और उसे मोबाइल पर भी डाउनलोड किया जा सकेगा।

क्या-क्या जांचें कर सकेंगे?

सीएमओ ने बताया कि हेल्थ एटीएम से बॉडी मास इंडेक्स, ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, लंबाई, शरीर का तापमान, ऑक्सीजन लेवल, मेटाबॉलिक एज, बॉडी फैट, डिहाइड्रेशन, पल्स रेट, मसल मास जैसी कई प्रकार की जांच की जा सकेगी। साथ ही, ब्लड सैंपल लेने की भी सुविधा उपलब्ध होगी। इस मशीन की मदद से अस्पताल की लैब में वर्कलोड भी कम होगा, और बीपी, शुगर जैसी सामान्य जांचों के लिए मरीजों को अब लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार की दिशा में अहम कदम

इस हेल्थ एटीएम की शुरुआत से जहां एक ओर मरीजों को राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर अस्पतालों में जांच रिपोर्ट प्राप्त करने का समय भी कम होगा। यह पहल टिहरी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular