Friday, March 27, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डदेहरादून में वाहनों की फिटनेस जांच फिर होगी मैन्युअल , मंत्रालय ने...

देहरादून में वाहनों की फिटनेस जांच फिर होगी मैन्युअल , मंत्रालय ने जारी किया आदेश…..

देहरादून : राजधानी देहरादून में अब वाहनों की फिटनेस जांच फिर से आरटीओ कार्यालय में मैन्युअल तरीके से होगी। केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने हाईकोर्ट के स्टे ऑर्डर के तहत राज्य सरकार को इस संबंध में पत्र भेज दिया है। संभावना है कि इसी सप्ताह से मैन्युअल जांच प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

दरअसल, राजधानी के टैक्सी महासंघ और ऑटो यूनियन ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उनका कहना था कि देहरादून के वाहनों को 25 से 27 किलोमीटर दूर स्थित ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर भेजा जा रहा है, जबकि नियमों के अनुसार यह दूरी काफी अधिक है। यूनियनों ने तर्क दिया कि अगर इतनी दूरी के दौरान कोई दुर्घटना हो जाती है, तो बीमा का लाभ मिलना भी मुश्किल हो सकता है।

हाईकोर्ट ने इन दलीलों को गंभीरता से लेते हुए वाहनों को दूर स्थित ऑटोमेटेड सेंटर भेजने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद ऑटो यूनियन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा और टैक्सी मैक्सी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुंदर पंवार ने परिवहन मुख्यालय से अपील कर मैन्युअल जांच को फिर से शुरू करने की मांग की थी। परिवहन मुख्यालय ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए मंत्रालय को पत्र भेजा था।

मंत्रालय ने मंगलवार को राज्य सरकार को पत्र जारी कर आरटीओ देहरादून से मैन्युअल जांच प्रक्रिया फिर से शुरू करने का निर्देश दिया है। संभावना है कि इस सप्ताह के भीतर मैन्युअल फिटनेस जांच शुरू हो जाएगी। यूनियनों ने सरकार से मांग की है कि मैन्युअल प्रक्रिया को जल्द से जल्द लागू किया जाए, ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular