Homeराज्यउत्तराखण्डवीकेंड पर नैनीताल घूमने जा रहे एक परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त, दो...

वीकेंड पर नैनीताल घूमने जा रहे एक परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत–पाँच घायल

रामनगर: वीकेंड पर नैनीताल घूमने निकले गाजियाबाद के एक ही परिवार के दो सदस्यों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि पाँच लोग घायल हो गए। घायलों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं हादसा शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे बाजपुर मार्ग पर गडप्पू चेकपोस्ट से लगभग दो किलोमीटर आगे हुआ, जब UP 14 GN 4349 नंबर की टाटा टियागो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

नैनीताल घूमने जा रहे परिवार की कार हादसे का शिकार

टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और तेजी से राहत कार्य शुरू किया। सभी ने मिलकर घायलों को कार से बाहर निकाला और तुरंत पुलिस व 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।
कालाढूंगी पुलिस के अनुसार, परिवार गाजियाबाद के सिहानी क्षेत्र का रहने वाला है और शुक्रवार तड़के ही नैनीताल की ओर रवाना हुआ था। कार में चार वयस्क और दो छोटे बच्चे सवार थे।

2 लोगों की मौत, 5 घायल — दो बच्चों की हालत गंभीर

हादसे में प्रदीप यादव (28) और राहुल (18) निवासी सिहानी, थाना नन्दग्राम, गाजियाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद CHC कालाढूंगी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घायलों में विवेक यादव (23), दीपांशु (निवासी नगला सुदमा, थाना बेवर, जिला मैनपुरी), ज्योति (27) पत्नी प्रदीप यादव, तीन साल छह महीने की अन्नईया उर्फ परी और डेढ़ साल की किट्टू शामिल हैं. सभी का उपचार बाजपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है।

गडप्पू चेकपोस्ट के पास हुआ हादसा, पुलिस ने वाहन किया कब्जे में

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना की सूचना कार मालिक बिट्टू और पड़ोसी विक्रांत डागर को दे दी गई है। वहीं घायलों के परिजन भी गाजियाबाद से रवाना हो चुके हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से हटाकर गडप्पू चेकपोस्ट पर खड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

दर्दनाक हादसे से दहल गया पूरा क्षेत्र

शुक्रवार सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में शोक फैला दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजपुर मार्ग पर तेज रफ़्तार और सुबह की धुंध हादसों का बड़ा कारण बन रही है। इसी बीच पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि इस मार्ग पर वाहन सावधानीपूर्वक चलाएँ, क्योंकि मौसम बदलने के साथ दृश्यता कम हो जाती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Most Popular