चम्पावत : जनपद में आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की तैयारियों, विभागीय समन्वय, जनजागरूकता और निगरानी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
पल्स पोलियो अभियान को लेकर डीएम मनीष कुमार सख्त
बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पोलियो उन्मूलन राष्ट्रीय प्राथमिकता का विषय है और अभियान के दौरान जनपद के किसी भी बच्चे को पोलियो रोधी खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ, दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों तक भी स्वास्थ्य विभाग की पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटें।
शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश
डीएम ने ब्लॉक स्तर पर नियमित टास्क फोर्स बैठकों के आयोजन, व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और अस्पतालों व स्वास्थ्य संस्थानों में एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस (AFP) मामलों की सतत निगरानी एवं जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ लड़ाई में प्रशासनिक और स्वास्थ्य तंत्र को पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
29 से 4 जुलाई तक चलाया जाएगा विशेष अभियान
बैठक में सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. मीनाक्षी ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण दिवस 28 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस दिन जनपद के सभी निर्धारित बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद अभियान से छूटे बच्चों को कवर करने के लिए घर-घर जाकर विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों चम्पावत, लोहाघाट और बाराकोट में 29 और 30 जून को घर-घर अभियान चलेगा।
जबकि मैदानी क्षेत्र टनकपुर में 29 जून से 4 जुलाई तक विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। यह अभियान प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। बैठक में पुलिस, शिक्षा, पंचायती राज, बाल विकास, आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथिक विभागों तथा आशा कार्यकर्ताओं से जुड़े अधिकारियों को अभियान की सफलता के लिए आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी विभागों को बूथ संचालन, प्रचार-प्रसार, वैक्सीन संरक्षण और फील्ड स्तर पर सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

[…] Source link […]