देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय में आज मंगलवार को मंत्रिमंडल की अहम बैठक हुई. बैठक में सबसे पहले महाराष्ट्र में विमान हादसे में डिप्टी CM अजित पवार और अन्य के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया. जिसके बाद बैठक की कार्रवाई शुरू की गई.
धामी कैबिनेट में लिए गए अहम फैसले
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आअज की बैठक हुई. जिसमें 8 प्रस्ताव रखे गए जिन पर मंत्री मंडल की तरफ से मुहर लग चुकी है.
कैबिनेट बैठक में आज के मुख्य बिंदु
-
स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अहम फैसले के तहत चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सेवा नियमावली-2026 को कैबिनेट की मंजूरी दी गई है।
-
राजस्व विभाग के अंतर्गत राज्य में विकास परियोजनाओं के लिए अब भूमि मालिकों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदे जाने की प्रक्रिया को औपचारिक रूप से निर्धारित किया गया है।
-
उधम सिंह नगर स्थित प्राग फार्म की 1354.14 एकड़ भूमि को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से सिडकुल को हस्तांतरित किए जाने संबंधी पूर्व जारी शासनादेश में संशोधन को स्वीकृति दी गई है।
-
जनजाति कल्याण विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अनुसूचित जनजाति बहुल जिलों देहरादून, चमोली, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में विभागीय ढांचे के पुनर्गठन पर सहमति बनी है।
-
जल संसाधन प्रबंधन के तहत राज्य में गैर-कृषि उपयोग के लिए भूजल दोहन पर जल मूल्य अथवा शुल्क दरें लागू करने का निर्णय लिया गया है।
-
उच्च शिक्षा क्षेत्र में उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय अधिनियम-2023 में संशोधन को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत जीआरडी उत्तराखंड विश्वविद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
-
रक्षा और नागरिक उड्डयन से जुड़े फैसले में गौचर और चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टियों को नागरिक व सैन्य संचालन के लिए एडवांस लैंडिंग ग्राउंड के रूप में भारतीय वायुसेना एवं रक्षा मंत्रालय को लीज के आधार पर हस्तांतरित करने पर सहमति बनी है।
-
राज्य में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तराखंड ग्रीन हाइड्रोजन नीति-2026 के प्रख्यापन को कैबिनेट की मंजूरी दी गई है।



