DEHRADUN: राजधानी देहरादून के सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के पास देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक व्यक्ति 200–250 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और व्यक्ति का शव बरामद किया।
सहस्त्रधारा में खाई में गिरा व्यक्ति
जानकारी के मुताबिक, घटना थाना राजपुर के आईटी पार्क चौकी क्षेत्र की है। मध्य रात्रि में CCR के माध्यम से सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल SDRF टीम को मौके पर भेजा गया। स्थानीय पुलिस पहले से ही घटनास्थल पर मौजूद थी और हालात का जायजा ले रही थी।
खाई में गिरने से व्यक्ति की मौके पर मौत
पोस्ट सहस्त्रधारा से मुख्य आरक्षी संतोष रावत के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच सर्च ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे व्यक्ति तक पहुंच बनाई।
SDRF ने बाहर निकाला शव
रेस्क्यू के दौरान पाया गया कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। SDRF टीम ने शव को सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
