हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार शाम हरिद्वार दौरे पर पहुंचे। जहां गुरुकुल हेलीपैड पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सीएम कनखल स्थित जगतगुरु आश्रम पहुंचे और जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वर का आशीर्वाद लिया।
सद्भावना सम्मेलन में शामिल हुए सीएम धामी
सोमवार को सीएम धामी हरिद्वार पहुंचे। जहां संतों का आशीर्वाद लेने के बाद मुख्यमंत्री ऋषिकुल मैदान में आयोजित सद्भावना सम्मेलन में पहुंचे। जहां बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में उन्होंने प्रदेश के विकास और कनेक्टिविटी को लेकर अहम घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि “कल का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जो प्रदेश के विकास को नई दिशा देंगे।”
अब सफर होगा आसान, विकास होगा तेज – सीएम धामी
बैसाखी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिल्ली–देहरादून के बीच बेहतर और तेज परिवहन सुविधा को बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि अब ये सफर महज 2 से ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा, “हमारी सरकार प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बेहतर कनेक्टिविटी से न सिर्फ यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। आने वाले समय में उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।” उन्होंने कहा कि यह पहल सड़क परिवहन के दबाव को कम करने के साथ-साथ आधुनिक और सुगम यात्रा का नया विकल्प साबित होगी।
