Homeउत्तराखण्डअल्मोड़ामुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डोल आश्रम में श्री पीठम स्थापना महोत्सव...

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डोल आश्रम में श्री पीठम स्थापना महोत्सव में लिया भाग, कहा – डोल आश्रम बना रहा है संस्कृति, साधना और अध्यात्म का भव्य केन्द्र…..

अल्मोड़ा (उत्तराखंड): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को लमगड़ा स्थित डोल आश्रम में श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम स्थापना महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने 1100 कन्याओं का पूजन किया, माँ राजेश्वरी का अभिषेक तथा पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डोल आश्रम में आकर उन्हें दिव्य ऊर्जा का अहसास होता है। उन्होंने बाबा कल्याणदास महाराज द्वारा आश्रम में स्थापित श्रीयंत्र की सराहना करते हुए कहा कि यह भविष्य में श्रद्धा, शांति और संस्कृति का वैश्विक केन्द्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत प्रदेश के सभी मंदिरों को अवस्थापना सुविधाओं से जोड़ रही है, जिससे आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। डोल आश्रम युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने और धार्मिक पर्यटन को सशक्त बनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रहा है और हमारे सुरक्षा बलों ने सशक्त जवाब दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संस्कृति संरक्षण हेतु प्रतिबद्ध है, जिसके लिए धर्मांतरण विरोधी कानून, लैंड और लव जिहाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई और समान नागरिक संहिता जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डोल आश्रम को पूज्य महाराज कल्याणदास ने स्थापित किया और यह स्थान धर्म, अध्यात्म और शिक्षा का केन्द्र बनकर उभरा है। उन्होंने बौद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं दी और महात्मा बुद्ध के दिखाए शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूज्य महाराज कल्याणदास ने कहा कि समाज की समृद्धि के लिए हमें व्यसनों को त्यागकर अध्यात्म का मार्ग अपनाना चाहिए। उन्होंने संस्कृत भाषा के संरक्षण और प्रसार पर बल देते हुए कहा कि जब तक संस्कृत जीवित है, भारतीयता सुरक्षित है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग अजय टम्टा, विधायक जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments