
चमोली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अपने दो दिवसीय गैरसैंण दौरे की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने सुबह के समय मोर्निंग वाक किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री धामी के साथ जिलाधिकारी चमोली और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा खासतौर पर प्रदेश के विकास कार्यों की समीक्षा और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर केंद्रित रहेगा। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी बदरीनाथ धाम में चल रहे मास्टर प्लान के तहत विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों से इन कार्यों की प्रगति पर चर्चा करेंगे।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री धामी भराडीसैंण स्थित सारकोट गांव में भी जाएंगे, जहां वह गांववासियों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे क्षेत्रीय विकास कार्यों में तेज़ी लाएं और लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करें।