देहरादून : देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में मॉडूवाला रोड स्थित बालासुदरी मंदिर परिसर के पास एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है।
कट्टे में मिली महिला की लाश मामले का हुआ खुलासा
कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में महिला का शव बरामद हुआ। शव के पास एक रजाई भी पाई गई, जिससे अंदेशा जताया गया कि शव को ढकने के लिए उसका इस्तेमाल किया गया था। मौके पर फोरेंसिक टीम ने जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
शव कई दिन पुराना होने और चेहरा खराब हो जाने के कारण महिला की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
पति ने ही उतारा था मौत के घाट
महिला की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास की झुग्गी-बस्तियों और मजदूर इलाकों में अभियान चलाया। करीब 5000 लोगों का सत्यापन किया गया और पहचान के लिए पंपलेट भी बांटे गए। सोशल मीडिया के माध्यम से भी जानकारी साझा की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि एक निर्माणाधीन साइट पर काम करने वाला बिहार निवासी मजदूर अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रह रहा था, लेकिन होली के बाद से उसकी पत्नी नजर नहीं आ रही थी।
इस सूचना पर पुलिस ने ठेकेदार से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि मजदूर की दो पत्नियां हैं। पुलिस ने संदिग्ध मजदूर को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि मृतका उसकी पहली पत्नी थी। उसने घरेलू विवाद के चलते उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कट्टे में डालकर जंगल में फेंक दिया।