रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर देर रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
रुद्रप्रयाग में 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
रूद्रप्रयाग में एक कार गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा 22 और 23 अप्रैल की मध्यरात्रि करीब 11:54 बजे हुआ। वाहन (UK 13 TA 1991) भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। अगस्तमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में तीन लोगों की मौत
रेस्क्यू टीम को वाहन गहरी खाई में क्षतिग्रस्त हालत में मिला। कार में तीन लोग सवार थे और तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। SDRF की टीम ने कठिन परिस्थितियों में बचाव अभियान चलाते हुए शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचा दिया है। मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष) निवासी औरिंग, अमित सिंह (35 वर्ष) निवासी सुरसाल और अंशुल (28 वर्ष) निवासी सुरसाल के रूप में हुई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
