अल्मोड़ा : अल्मोड़ा जिले में बीते तीन दिनों से लापता पुलिस कर्मी का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिसकर्मी का शव एसडीआरएफ ने गहरी खाई से बरामद किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अल्मोड़ा में लापता आरक्षी का शव मिला
मिली जानकारी के मुताबिक 4 मई 2026 को समय लगभग 11:28 बजे भिकियासैंण थाने से एसडीआरएफ टीम को सूचना प्राप्त हुई कि भतरौजखान थाने में नियुक्त एक आरक्षी, जो पिछले चार दिनों से लापता चल रहे थे, उनकी कार मछोड़ के समीप एक गहरी खाई में गिरी हुई देखी गई है। सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक महिपाल सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
SDRF ने गहरी खाई से किया बरामद
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ टीम ने देखा कि वाहन (हुंडई क्रेटा, संख्या UK18Q-2132) मुख्य मार्ग से लगभग 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरा हुआ था। दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर तलाशी अभियान चलाया। जहाँ आरक्षी का शव बरामद हुआ।
अल्मोड़ा के भतरौजखान थाने में तैनात थे आरक्षी
मृतक की पहचान आरक्षी 11CP संजीव चौधरी के रूप में हुई है। वे मूल रूप से शेरपुर, हरिद्वार के निवासी थे और वर्तमान में जनपद अल्मोड़ा के भतरौजखान थाने में तैनात थे। रेस्क्यू टीम ने शव को गहरी खाई से बाहर निकाला और मुख्य मार्ग तक लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।