Homeराज्यउत्तराखण्डचम्पावत में पूर्व सैनिकों को बड़ी सौगात, खुली कैंटीन

चम्पावत में पूर्व सैनिकों को बड़ी सौगात, खुली कैंटीन

चम्पावत। पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के सम्मान और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पंचशूल टस्कर्स द्वारा चम्पावत में पूर्व सैनिक (ईएसएम) कैंटीन का शुभारंभ किया गया। यह कैंटीन जनपद के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगी। कार्यक्रम का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब 93 वर्षीय सेवानिवृत्त सिपाही जय दत्त ने कैंटीन का उद्घाटन किया। जय दत्त देश की रक्षा में तीन युद्धों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में चम्पावत जनपद के वरिष्ठतम युद्ध वीर सैनिक हैं। उनके कर-कमलों से हुए उद्घाटन ने पूरे समारोह को गौरव और सम्मान से भर दिया। उपस्थित लोगों ने उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति और समर्पण को नमन किया।
इस अवसर पर पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर गौतम पठानिया ने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का सम्मान एवं कल्याण सेना की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह कैंटीन केवल आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता का केंद्र नहीं, बल्कि सेना की अपने पूर्व सैनिकों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।
उप जिलाधिकारी बी.सी. पंत तथा जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव कर्नल उमेद सिंह ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे जनपद के पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं पर चर्चा की गई। सभी उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने पूर्व सैनिकों के कल्याण हेतु निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।
पूर्व सैनिक कैंटीन की स्थापना से अब चम्पावत के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को आवश्यक वस्तुएं एवं सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उनके जीवन को और अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर गौतम पठानिया, उप जिलाधिकारी बी.सी. पंत, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव कर्नल उमेद सिंह सहित लगभग 60 पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां उपस्थित रहीं।

Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular