Homeउत्तराखण्डदेहरादूनसेलाकुई में हड्डियों से भरा लोडर मिलने पर बवाल, वाहन में लगाई...

सेलाकुई में हड्डियों से भरा लोडर मिलने पर बवाल, वाहन में लगाई आग; पुलिस ने बचाई तीन की जान l

देहरादून: राजधानी देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र में उस वक्त तनाव फैल गया जब खाटू श्याम धाम के पास एक यूटिलिटी लोडर वाहन में पशु हड्डियों से भरा सामान मिलने की सूचना पर हिंदू संगठनों के लोग मौके पर जुट गए और जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। भीड़ ने गाड़ी को आग के हवाले कर दिया, वहीं वाहन में मौजूद तीन लोगों की पिटाई भी कर दी गई। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को मौके पर हस्तक्षेप करना पड़ा।

जाम में फंसी गाड़ी से उठी दुर्गंध, भड़क गई भीड़

घटना गुरुवार देर शाम की है, जब विकासनगर से देहरादून की ओर जा रही एक लोडर गाड़ी खाटू श्याम धाम के पास ट्रैफिक में फंस गई। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों को गाड़ी से तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब कुछ स्थानीय लोग और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पास पहुंचे और लोडर का तिरपाल हटाया, तो उसमें बड़ी मात्रा में पशुओं की हड्डियाँ भरी हुई थीं।

देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया। आरोप लगाया गया कि गाड़ी में गोवंश के अवशेष हैं। इस बात से नाराज़ होकर लोगों ने पहले वाहन में तोड़फोड़ की और फिर उसे आग लगा दी। भीड़ ने लोडर में मौजूद चालक समेत तीन लोगों को पकड़कर पीटा, जिन्हें पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद बचाया और हिरासत में लिया।

दूसरे पक्ष का दावा – हड्डियों के निस्तारण के लिए थी अनुमति

घटना के बाद थाने पहुंचे दूसरे पक्ष ने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए बताया कि उक्त वाहन में भरी गई पशु हड्डियाँ जिला पंचायत की ओर से अधिकृत तौर पर डिस्पोज के लिए भेजी जा रही थीं।
जिला पंचायत सदस्य ने जानकारी दी कि वाहन में मौजूद टीम के पास अनुमति पत्र और आवश्यक दस्तावेज थे। हड्डियों को विकासनगर एसडीएम द्वारा पूर्व-निर्धारित स्थान पर भेजा जा रहा था, जहां से उन्हें एक फैक्ट्री में निस्तारित किया जाना था।

जिला पंचायत सदस्य ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर न पहुंचती, तो तीनों लोगों की जान बचाना मुश्किल हो जाता। साथ ही, उन्होंने हंगामा करने और गाड़ी जलाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एसपी देहात ने किया देर रात शांति प्रयास

स्थिति बिगड़ते देख एसपी देहात खुद मौके पर पहुंचीं और लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई होगी।

पुलिस का कहना है कि मामले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों की पहचान की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Most Popular