Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड के हर ब्लॉक में बनेगी गौशाला, गौवंश संरक्षण को लेकर सरकार...

उत्तराखंड के हर ब्लॉक में बनेगी गौशाला, गौवंश संरक्षण को लेकर सरकार का बड़ा प्लान

देहरादून : उत्तराखण्ड गो सेवा आयोग के अध्यक्ष (डॉ.) पंडित राजेंद्र अणथ्वाल की अध्यक्षता एवं उपाध्यक्ष भूपेंद्र कण्डारी की उपस्थिति में आज पशुधन भवन मोथरोवाला में आयोग की सामान्य कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष (डॉ.) पंडित राजेंद्र अणथ्वाल ने कहा कि उत्तराखण्ड सनातन की राजधानी है। देवभूमि उत्तराखण्ड के राज्य निर्माण की मूल परिकल्पना के अनुरूप राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में गो, गंगा, गायत्री एवं संत सेवा के कार्यों में निरंतर तत्परता से जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा में लगे सभी लोगों पर भगवान की विशेष कृपा है। जहां गाय का अनादर होता है, वहां दुर्दशा होना निश्चित है। इस बात पर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। गोमाता के प्रति सम्मान, सेवा एवं संरक्षण हमारी सनातन संस्कृति के मूल भाव हैं।

उत्तराखंड के हर ब्लॉक में बनेगी गौशाला

अध्यक्ष ने समिति के सभी सदस्यों को बोर्ड की बैठकों में अनिवार्य रूप से स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक छह माह में बोर्ड की बैठक आयोजित करने को कहा। उन्होंने सभी सदस्यों से अपने-अपने जनपदों में नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों से दूर रहते हुए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने बैठक में प्रस्तुत सभी प्रस्तावों को पूर्ण करने की उम्मीद भी जताई।

गौवंश संरक्षण को लेकर सरकार का बड़ा प्लान

बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों एवं अधिकारियों द्वारा की गई कार्यवाही की प्रगति से सदस्यों को अवगत कराया गया। बैठक में निराश्रित गाय एवं गोवंश को आश्रय उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही वर्तमान में संचालित, निर्माणाधीन एवं नए प्रस्तावित गौसदनों तथा गौशालाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में गौशाला स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए, ताकि निराश्रित गोवंश को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।

गौशालाओं में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

अध्यक्ष ने कहा कि निराश्रित गोवंश के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता न हो तथा गौसदनों और गौशालाओं में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गोवंश के भरण-पोषण के लिए मिलने वाला अनुदान निर्धारित समय के भीतर गोसेवकों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गौसदनों को दिए जाने वाले अनुदान से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख तक पूर्ण कर ली जाएं, ताकि गौसदनों को समय से अनुदान उपलब्ध कराया जा सके और गोवंश के भरण-पोषण एवं देखभाल में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने नगर निकायों एवं पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए कि सड़कों पर घायल अवस्था में मिलने वाले निराश्रित गोवंश को तत्काल मौके पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा उपचार के उपरांत उन्हें सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएं। साथ ही नगर निकायों एवं ब्लॉक स्तर पर गोवंश के जन्म एवं मृत्यु से संबंधित रिकॉर्ड संधारित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
Vision Desk 3
Vision Desk 3http://vision2020news.com/
उत्तराखंड ताज़ा समाचार - Vision 2020 News gives you the Latest News, Breaking News in Hindi.Uttarakhand News, Dehradun News, Latest News, daily news, headlines, sports, entertainment and business from Uttarakhand, India.
RELATED ARTICLES
spot_img

Most Popular