Friday, February 27, 2026
Home राज्य उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री ने कोविड-19 से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को निरन्तर प्रभावी...

मुख्यमंत्री ने कोविड-19 से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को निरन्तर प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिये…

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को निरन्तर प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव एवं उपचार के संबंध में राज्य सरकार की ‘ट्रेस, टेस्ट एण्ड ट्रीट’ की नीति इसके संक्रमण की रोकथाम में अत्यन्त सफल सिद्ध हो रही है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से कमी आ रही है। कोरोना संक्रमण की पॉजिटिविटी दर में कमी एवं रिकवरी दर में लगातार वृद्धि हो रही है।
मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से आहूत एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि विगत 24 घण्टों में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 3,981 केस आए हैं। इसी अवधि में 11,918 संक्रमित व्यक्तियों का सफल उपचार करके डिस्चार्ज किया गया है। प्रदेश में 30 अप्रैल, 2021 को संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक एक्टिव मामले 3,10,783 थे। वर्तमान में संक्रमण के एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 76,703 हो गयी है। इस प्रकार विगत 30 अप्रैल के सापेक्ष एक्टिव मामलों की संख्या में 2,34,080 की कमी आयी है, जो 75 प्रतिशत से अधिक है।
मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया गया कि राज्य में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्तमान में यह दर 94.3 प्रतिशत है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की पॉजिटिविटी दर लगातार कम हो रही है। प्रदेश में पिछले 24 घण्टों में 3,26,399 कोविड टेस्ट किए गए हैं। यह न केवल प्रदेश में एक दिन में किए गए सर्वाधिक कोरोना टेस्ट हंै बल्कि संपूर्ण देश में एक दिन में संपादित सर्वाधिक कोरोना टेस्ट भी हैं। प्रदेश में अब तक 4 करोड़ 70 लाख 63 हजार 616 कोविड टेस्ट किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए संचालित वृहद जांच अभियान के अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। प्रदेश में संक्रमण दर निरन्तर कम हो रही है। निगरानी समितियों द्वारा मेडिकल किट के वितरण के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्रवाई निरंतर और प्रभावी ढंग से चलाई जाए। लक्षण युक्त एवं संदिग्ध संक्रमित व्यक्तियों को मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा सेक्टर के प्रभारी अधिकारी को जवाबदेह बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निगरानी समितियों द्वारा मेडिकल किट के वितरण के साथ ही संबंधित व्यक्तियों की सूची बनाई जाए। यह सूची इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेण्टर (आई0सी0सी0सी0) तथा जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। आई0सी0सी0सी0 द्वारा मेडिकल किट प्राप्त करने वाले व्यक्तियों से किट की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के साथ ही उनका कुशलक्षेम भी लिया जाए। जनप्रतिनिधिगण द्वारा भी मेडिकल किट प्राप्त करने वाले व्यक्तियों के साथ संवाद स्थापित कर उनका हालचाल प्राप्त किया जाए।
मुख्यमंत्री ने राज्य में ब्लैक फंगस की दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि ब्लैक फंगस के संक्रमण से प्रभावित सभी मरीजों को दवा उपलब्ध कराई जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी जनपदों में ब्लैक फंगस की दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता रहे। निजी अस्पतालों में भर्ती ब्लैक फंगस के मरीजों को भी दवा उपलब्ध कराई जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इस संक्रमण की दवा की कालाबाजारी न होने पाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि कोविड बेड की संख्या में निरन्तर वृद्धि की जाए। आवश्यक मानव संसाधन की संख्या में भी लगातार बढ़ोत्तरी की जाए, इसके लिए भर्ती की कार्यवाही तेजी से सम्पन्न की जाए। मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि कोविड-19 के उपचार की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए उनके निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जा रही है। कोविड बेड की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी की जा रही है। विगत दिवस प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों तथा अस्पतालों में 13 बेड की वृद्धि हुई है। इसमें आइसोलेशन बेड के अलावा आई0सी0यू0 बेड भी शामिल हैं। मानव संसाधन में भी लगातार वृद्धि की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि सभी मेडिकल काॅलेजों में पीडियाट्रिक आई0सी0यू0 (पीकू) की स्थापना का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। सभी 58 मेडिकल काॅलेजों में 100-100 बेड का पीकू स्थापित किया जाए। उन्होंने इस कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Ad 1 Ad 2